कोरबा, 18 फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो छात्राओं और एक छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के कोतवाली और उरगा थाना क्षेत्र में दो छात्राओं ने तथा सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी।
अधिकारियों ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदिरानगर इलाके में स्थानीय निजी स्कूल में पढ़ने वाली 10वीं कक्षा की छात्रा अंजली केंवट (17) ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
उन्होंने बताया कि पुलिस को परिजनों से घटना की जानकारी मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में उरगा थाना क्षेत्र के धमनागुड़ी गांव निवासी नौवीं कक्षा की छात्रा गीता महंत (15) ने गांव के एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में एक अन्य घटना में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आईटीआई बस्ती निवासी तथा एक निजी स्कूल में 12वीं कक्षा के छात्र उज्ज्वल डनसेना उर्फ ध्रुव (17) ने अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से एक पत्र भी बरामद किया है जिसमें छात्र ने अनुरोध किया है कि उसकी मृत्यु के बाद शव को मेडिकल कालेज को सौंप दिया जाए।
भाषा सं संजीव शफीक
शफीक