जबलपुर: कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन को अंतिम उपाय समझा जा रहा है। वहीं, वैक्सीन के लिए सरकार लगातार लोगों से अपील कर रही है। हालांकि कुछ ऐसे क्षेत्र भी हैं, जहां से वैक्सीनेशन का विरोध किए जाने की खबरें आती रही है। लेकिन इन सब के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है। दरअसल जबलपुर जिले के एक गांव को 100% वैक्सीनेशन का सर्टिफिकेट दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार जबलपुर जिले के पनागर गांव में रहने वाले शत प्रतिशत लोगों का वैक्सीनेशन किया जा चुका है। इस गांव के कुल 956 लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया है, जिसमें 100 और 102 साल की दो बुजुर्ग महिलाएं भी शामिल हैं। इसके बाद जिला कलेक्टर ने पनागर गांव को 100% वैक्सीनेशन का सर्टिफिकेट दिया है।