रायपुर। लोकसभा चुनाव के लिए रायपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस और बीजेपी प्रत्याशियों ने सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया। प्रमोद दुबे ने फिलहाल एक सेट पर्चा दाखिल किया है तो सुनील सोनी ने मुहूर्त के हिसाब से नामांकन फॉर्म जमा किया।
बीजेपी प्रत्याशी सुनील सोनी ने मुहूर्त के हिसाब से नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से कहा कि BJP के कार्यकर्ता मेरी ताकत हैं, वे मुझे चुनाव जिताएंगे। कितने की लीड दिलाएंगे वो भी कार्यकर्ता ही तय करेंगे। इससे पहले सुनील सोनी मुहूर्त नामांकन भरने अपने सदर बाजार निवास से कलेक्ट्रेट के लिए निकले। सोनी बैंड बाजे, ढोल-ढमाकों और समर्थकों के साथ नामांकन जमा करने निकले।
यह भी पढ़ें : लोकसभा चुनाव 2019: पीएम मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए जवान से किसान तक तैयार!
वहीं कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद दुबे विधायक सत्यनारायण शर्मा, विकास उपाध्याय, कुलदीप जुनेजा, जिला अध्यक्ष गिरीश दुबे के साथ नामांकन जमा करने कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। उन्होंने आज एक सेट नामांकन दाखिल किया। वे 4 अप्रैल को दूसरे सेट का नामांकन भरेंगे। प्रमोद 4 अप्रैल को शक्ति प्रदर्शन करते हुए सीएम भूपेश बघेल की मौजूदगी में दूसरे सेट का नामांकन दाखिल करेंगे।