कवर्धा: जिले बीजापानी गांव से ग्रामीणों द्वारा वन विकास निगम के अधिकारियों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि वन विकास निगम के अधिकारी अवैध पेड़ कटाई को रोकने गए थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों की पिटाई कर दी। वहीं, दूसरी ओर ग्रामीणों ने अधिकारियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। मामले को लेकर दोनों पक्षों ने बोडला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस शिकायत दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को वन विकास निगम के अधिकारियों की टीम बोडला थाना क्षेत्र के जंगल में अवैध कटाई रोकने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान जंगल में मौजूद ग्रामीणों ने अधिकारियों से मारपीट की है। हालांकि अभी इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है कि अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच किस बात को लेकर बहस हुई थी। वहीं, ग्रामीणों ने भी अधिकारियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।