मणिपुर के तीन जिलों से 10 उग्रवादी गिरफ्तार

Ads

मणिपुर के तीन जिलों से 10 उग्रवादी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - October 4, 2025 / 08:50 PM IST,
    Updated On - October 4, 2025 / 08:50 PM IST

इंफाल, चार अक्टूबर (भाषा) मणिपुर में सुरक्षा बलों ने पिछले कुछ दिनों में अलग-अलग अभियानों के दौरान विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े 10 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अर्धसैनिक बल ने शनिवार को बताया कि चुराचंदपुर जिले के जंगलों से असम राइफल्स के जवानों ने एक प्रतिबंधित संगठन के एक ‘‘वरिष्ठ कमांडर’’ और पांच अन्य उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है।

बल ने बताया कि इन उग्रवादियों को एक अक्टूबर को एक अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया।

बल ने एक बयान में कहा, ‘‘असम राइफल्स ने एक अक्टूबर को जंगल में ‘ऑपरेशन सोंगकोट’ नामक एक साहसिक अभियान चलाकर ‘यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी’ (यूकेएनए) के वरिष्ठ कमांडर एस एस लेफ्टिनेंट जामखोगिन गुइटे लुफो उर्फ ​​पेप्सी को गिरफ्तार कर लिया।’’

बयान में बताया गया कि अभियान के दौरान पांच अन्य उग्रवादियों को भी गिरफ्तार किया गया।

बयान में कहा गया है, ‘‘इस सफल अभियान ने चुराचांदपुर और जिरीबाम में यूकेएनए के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। इससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए असम राइफल्स की अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि होती है।’’

मणिपुर के अधिकारियों ने कहा कि यूकेएनए कमांडर जनवरी 2024 में बिष्णुपुर जिले में एक पिता और पुत्र सहित मेइती समुदाय के चार सदस्यों की हत्या में कथित रूप से शामिल था।

इस बीच, पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को थौबल और इंफाल पश्चिम जिलों से विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन ‘कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी’ (अपुनबा) की एक महिला समेत दो सक्रिय सदस्यों को थौबल वांगखेम से गिरफ्तार किया गया जबकि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के एक स्वयंभू कॉर्पोरल को इंफाल पश्चिम के निंगोमबाम से गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम के नाओरेमथोंग से केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के एक सदस्य को भी गिरफ्तार किया है।

इस बीच, पुलिस ने चुराचांदपुर जिले के अपने जवानों को निर्देश दिया है कि वे गैरकानूनी संगठनों की कथित जबरन वसूली की मांगों को पूरा न करें।

एक आदेश में, पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को चेतावनी दी है कि ऐसी मांगों के आगे न झुकें।

पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘ऐसी सूचना मिली है कि कुछ गैरकानूनी संगठन चुराचांदपुर के पुलिसकर्मियों से धन की मांग कर रहे हैं। जिला पुलिस के सभी अधिकारियों को निर्देश दिया जाता है कि वे ऐसी मांगों के आगे न झुकें।’’

इंफाल घाटी में रहने वाले मेइती और आसपास के पहाड़ी इलाकों में रहने वाले कुकी-जो समूहों के बीच मई 2023 से जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हुए हैं।

भाषा खारी पवनेश

पवनेश