तेलंगाना में जहर देकर 100 आवारा कुत्तों को मार डाला गया
तेलंगाना में जहर देकर 100 आवारा कुत्तों को मार डाला गया
हैदराबाद, 14 मार्च (भाषा) तेलंगाना के मनचेरिल जिले में करीब 100 कुत्तों को कथित तौर पर जहर देकर मार डाला गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार पशु कल्याण कार्यकर्ता ए गौतम ने अपनी शिकायत में बताया कि सात मार्च की रात किश्तपुर गांव में करीब 100 आवारा कुत्तों को मार दिया गया।
शिकायतकर्ता ‘स्ट्रे एनिमल फाउंडेशन ऑफ इंडिया’ नामक गैर-सरकारी संगठन में क्रूरता निवारण प्रबंधक के रूप में कार्यरत हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के सरपंच और ग्राम पंचायत सचिव ने दो लोगों के जरिए कुत्तों को जहरीले इंजेक्शन देकर मार डाला और बाद में उन्हें एक नदी के पास दफना दिया।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत सरपंच और ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।
इस वर्ष जनवरी और पिछले वर्ष दिसंबर में तेलंगाना के विभिन्न जिलों से 1,300 आवारा कुत्तों को मार डालने की घटनाएं सामने आई थीं। उसके बाद सरपंचों, ग्राम पंचायत सचिवों और अन्य लोगों के खिलाफ पशु कल्याण कार्यकर्ताओं की शिकायतों पर मामले दर्ज किए गए थे।
आशंका है कि पिछले वर्ष दिसंबर में हुए ग्राम पंचायत चुनाव से पहले गांवों में आवारा कुत्तों की समस्या को खत्म करने के वादे को पूरा करने के लिए कुछ जनप्रतिनिधियों ने ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया।
भाषा राखी अविनाश
अविनाश

Facebook


