पिछले साल 107 उच्च शिक्षण संस्थानों ने रैगिंग-रोधी नियमों का उल्लंघन किया : शिक्षा मंत्रालय

Ads

पिछले साल 107 उच्च शिक्षण संस्थानों ने रैगिंग-रोधी नियमों का उल्लंघन किया : शिक्षा मंत्रालय

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 09:30 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 09:30 PM IST

नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) सरकार ने संसद को बताया कि वर्ष 2025 में रैगिंग रोधी नियमों का पालन नहीं करने को लेकर 18 मेडिकल कॉलेजों सहित 107 उच्च शिक्षण संस्थानों (एचईआई) को कारण बताओ नोटिस जारी किये गए।

लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि इन संस्थानों द्वारा छात्रों और उनके अभिभावकों से अनिवार्य रैगिंग-रोधी शपथपत्र नहीं लिए गए तथा अनिवार्य अनुपालन रिपोर्ट भी जमा नहीं की गई।

उन्होंने कहा, ‘‘विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने रैगिंग निषेध विनियम, 2009 के अनिवार्य प्रावधानों का पालन नहीं करने को लेकर वर्ष 2025 में 18 मेडिकल कॉलेजों सहित 107 उच्च शिक्षण संस्थानों को कारण बताओ नोटिस जारी किये।’’

मंत्री ने बताया कि इन नोटिस में छात्रों और उनके माता-पिता या अभिभावकों से रैगिंग-रोधी शपथपत्र प्राप्त नहीं करने तथा बार-बार परामर्श और अनुस्मरण जारी किए जाने के बावजूद संस्थागत अनुपालन रिपोर्ट नहीं सौंपने जैसी कमियों का उल्लेख किया गया है।

मजूमदार ने कहा कि नियामकीय दृष्टिकोण सुधारात्मक और निवारक रहा है, ताकि संस्थान अपनी कमियों को दूर करें और रैगिंग-रोधी उपायों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। इससे छात्रों के हितों की रक्षा होगी और परिसर सुरक्षित बनेगा।

भाषा

सुभाष अविनाश

अविनाश