जयपुर, 17 फरवरी (भाषा) खेल विरोधी नीतियों को समाप्त कर खिलाड़ियों को सुविधाएं और नौकरी देने की मांग को लेकर मंगलवार को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के खेलकूद प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता बाइस गोदाम से रैली के रूप में विधानसभा का घेराव करने निकले। कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार की।
इससे पहले पार्टी कार्यकर्ता बाइस गोदाम स्थित सहकार भवन पर एकत्र होकर रैली के रूप में निकले। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर कार्यकर्ताओं को रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड हटाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने पानी की बौछार का इस्तेमाल कर भीड़ को तितर-बितर किया।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के खेलकूद प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अमीन पठान ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बर्बरता पूर्वक लाठियां बरसाईं, जिससे 12 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को चोट आई है।
पठान ने कहा, ‘‘जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेंगे। हम डरने वाले नहीं हैं। पुलिस गोलियां चलाएगी तो भी हम युवाओं की आवाज को उठाते रहेंगे।’’
पठान ने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा सरकार के गठन के बाद से खेल बजट में कमी हुई और खिलाड़ियों को समय पर टीए-डीए, प्रोत्साहन राशि और छात्रवृत्ति नहीं मिल रही है।
उन्होंने कहा कि खेल मैदानों पर अतिक्रमण और स्टेडियम निर्माण कार्य ठप हो गए हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने विधानसभा अध्यक्ष के नाम ज्ञापन सौंपकर भाजपा सरकार पर खेल विरोधी नीतियां को समाप्त कर खिलाड़ियों को सुविधाएं और नौकरी देने की मांग की है।
प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।
भाषा बाकोलिया शफीक
शफीक