उत्तर पूर्वी दिल्ली में 12 हजार प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट बरामद, तीन गिरफ्तार

Ads

उत्तर पूर्वी दिल्ली में 12 हजार प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट बरामद, तीन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 05:17 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 05:17 PM IST

नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 12,000 से ज़्यादा प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट ज़ब्त की हैं। इनकी उत्तर-पूर्वी दिल्ली में कथित तौर पर अवैध रूप से आपूर्ति की जा रही थी। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि करावल नगर इलाके में प्रतिबंधित आयातित सिगरेट की आपूर्ति की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक टीम ने मंगलवार शाम महालक्ष्मी विहार में नाला रोड के पास जाल बिछाया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शाम करीब 4.30 बजे, तीन लोग मोटरसाइकिल पर आए, जिनमें से दो के पास बोरियां थीं और वे उन लोगों का इंतजार करने लगे जिन्हें खेप प्राप्त करनी थी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जब कोई नहीं आया, तो उन्होंने जाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया।

अधिकारी के मुताबिक, आरोपियों की पहचान करावल नगर क्षेत्र निवासी अंकित (35), विशाल (28) और राहुल (36) के रूप में हुई।

पुलिस ने कहा कि तलाशी में 79 कार्टन बरामद हुए जिनमें इंडोनेशिया में निर्मित एक ब्रांड की 12,640 सिगरेट थी। पैकेटों पर सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (सीओटीपीए) के तहत आवश्यक वैधानिक स्वास्थ्य चेतावनियां भी अंकित नहीं थीं।

सीओपीटीए अधिनियम के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई और आगे की जांच की जा रही रही है।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने प्रतिबंधित आयातित सिगरेट की अवैध आपूर्ति में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और खेप के स्रोत के बारे में विवरण का खुलासा किया। सत्यापन से पता चला कि राहुल पहले चोरी और झपटमारी के मामले में शामिल था, जबकि अन्य दो आरोपियों का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।’

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश