मेंढर/जम्मू, पांच अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास बुधवार शाम एक बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से सेना के दो जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, जवान मेंढर सेक्टर के कांगा गली इलाके में बारूदी सुरंग को निष्क्रिय करने की कोशिश कर रहे थे, तभी उसमें विस्फोट हो गया। उन्होंने बताया कि घायल जवानों को तुरंत इलाज के लिए सेना अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने कहा कि सेना की गश्ती टीम को यह बारूदी सुरंग दिखाई दी थी, जिसके बाद विस्फोटक उपकरण को निष्क्रिय करने के लिए विशेषज्ञों को बुलाया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि घुसपैठ रोधी अवरोध प्रणाली के हिस्से के रूप में अग्रिम इलाकों में बारूदी सुरंगें लगाई गई हैं, जो कभी-कभी बारिश के कारण बहकर अपनी जगह से हट जाती हैं।
इस बीच, नलवा देगवार तेर्वन इलाके में एक जंग लगा हुआ बिना फटा विस्फोटक उपकरण बरामद किया गया, जिसे बाद में सेना के बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि यह उपकरण कथित तौर पर एक हथगोला था, जिसे इलाके में सड़क निर्माण कार्य में लगे कुछ मजदूरों ने देखा था।
भाषा अमित नेत्रपाल
नेत्रपाल