खराब मौसम के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर 15 उड़ानों का मार्ग बदला गया
खराब मौसम के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर 15 उड़ानों का मार्ग बदला गया
नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) खराब मौसम के कारण सोमवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर कम से कम 15 उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
राष्ट्रीय राजधानी स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खराब मौसम के कारण दर्जनों उड़ानों में देरी हुई, वहीं कुछ को रद्द कर दिया गया।
राष्ट्रीय राजधानी में तेज बारिश हुई और शहर के कुछ हिस्सों में आंधी आई, बिजली चमकी और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
अधिकारी ने बताया कि 12 उड़ानों को जयपुर, दो को चंडीगढ़ और एक उड़ान को लखनऊ भेजा गया।
विमानन कंपनी इंडिगो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में खराब मौसम के कारण उड़ानें प्रभावित हुई हैं और कंपनी स्थिति पर नजर रख रही है।
एअर इंडिया ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘खराब मौसम के कारण आज दिल्ली आने-जाने वाली उड़ानों का संचालन प्रभावित हो सकता है।’’
उड़ानों की आवाजाही पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार24डॉटकॉम’ के आंकड़ों से पता चला है कि हवाई अड्डे पर 280 से अधिक उड़ानों में देरी हुई और 20 से अधिक उड़ानों को रद्द कर दिया गया।
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रतिदिन 1,300 से अधिक उड़ानों का संचालन होता है।
भाषा अविनाश मनीषा
मनीषा

Facebook


