कांग्रेस पलक्कड़ रेलवे मुद्दे का इस्तेमाल ध्यान भटकाने के लिए कर रही: भाजपा
कांग्रेस पलक्कड़ रेलवे मुद्दे का इस्तेमाल ध्यान भटकाने के लिए कर रही: भाजपा
नयी दिल्ली/तिरुवनंतपुरम, 24 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कांग्रेस पर पलक्कड़ रेलवे मंडल के प्रस्तावित विभाजन को जानबूझकर विवाद का विषय बनाने का आरोप लगाते हुए सोमवार को कहा कि वह संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के सत्ता में 100 दिन पूरे होने पर उसके प्रदर्शन से जनता का ध्यान भटकाने के लिए ऐसा कर रही है।
रेलवे बोर्ड द्वारा पलक्कड़ मंडल का विभाजन करने और मंगलुरु क्षेत्र सहित अन्य स्टेशनों को मैसुरु मंडल में शामिल करने के निर्णय के बाद केरल में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।
चंद्रशेखर ने नयी दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि यह रेलवे द्वारा प्रशासनिक तौर पर लिया गया निर्णय है और केरल को इसे लेकर चिंतित होने की कोई आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने पूछा, ‘‘रेलवे एक राष्ट्रीय संगठन है। वे एक प्रशासनिक पुनर्गठन कर रहे हैं और मंगलुरु को मैसूरु मंडल का हिस्सा बना रहे हैं। इसमें क्या समस्या है?’’
उन्होंने कहा कि मंगलुरु पहले से ही तीन रेलवे मंडलों से जुड़ा हुआ है और सवाल किया कि मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन तथा कांग्रेस नेता के. सी. वेणुगोपाल समेत कांग्रेस के नेता इस मुद्दे को राजनीतिक विवाद क्यों बना रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘वी. डी. सतीशन और के. सी. वेणुगोपाल को आखिर क्या परेशानी है? वे बेवजह कोई मुद्दा खड़ा करके विवाद पैदा करना और लोगों का ध्यान भटकाना चाहते हैं। आज उनके पास आखिर कौन-सा मुद्दा है? सरकार के 100 दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन कई वादे करने वाली इस सरकार के पास दिखाने के लिए कुछ नहीं है। इसलिए वह पलक्कड़ रेलवे मंडल को मुद्दा बना रही है।’’
चंद्रशेखर ने आश्वासन दिया कि इस पुनर्गठन से केरल में रेलवे के विकास या निवेश पर कोई असर नहीं पड़ेगा और केंद्र सरकार राज्य के लिए पहले से तैयार विकास योजनाओं को लागू करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं नरेन्द्र मोदी सरकार और भाजपा की केरल इकाई की ओर से कह रहा हू कि अगले तीन वर्षों के लिए रेलवे विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारेगा। मैं ओणम के दिन राज्य के लोगों को इसका आश्वासन देता हूं।’’
चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘तय निवेश में से एक भी रुपया कम नहीं किया जाएगा। तीन हफ्ते पहले तय की गई निवेश योजना में कोई कटौती नहीं की जाएगी।’’
उन्होंने बताया कि भाजपा ने राज्य में स्टेशन आधुनिकीकरण, रेलवे ओवरब्रिज और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को शामिल करते हुए तीन साल के विकास का खाका तैयार किया है।
उन्होंने कहा कि केरल के लिए एकमात्र प्रासंगिक प्रश्न यह होना चाहिए कि क्या इस पुनर्गठन से राज्य के रेलवे विकास और निवेश पर असर पड़ेगा, और केंद्र की ओर से इसका स्पष्ट उत्तर है ‘‘नहीं’’।
चंद्रशेखर ने कहा कि ध्यान रेलवे मंडल विवाद के बजाय सत्ता में 100 दिन पूरे होने पर संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के प्रदर्शन पर होना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा सरकार ने अपने पहले 100 दिनों में कोई महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल नहीं की है।
उन्होंने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) पर ‘‘गठजोड़’’ का आरोप भी लगाया।
चंद्रशेखर ने शबरिमला में सोने की कथित चोरी, पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा टी से जुड़े सीएमआरएल मामले और अर्जेंटीना फुटबॉल टीम से जुड़े प्रस्तावित मैच में कथित अनियमितताओं का उदाहरण दिया।
भाषा खारी नरेश
नरेश

Facebook


