बहराइच में भारत-नेपाल सीमा के नजदीक 1.876 किलोग्राम चरस जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
बहराइच में भारत-नेपाल सीमा के नजदीक 1.876 किलोग्राम चरस जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
बहराइच (उप्र), 12 जून (भाषा) बहराइच जिले में भारत-नेपाल सीमा के नजदीक पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने संयुक्त अभियान चलाकर 1.876 किलोग्राम चरस जब्त किया। इस मामले में दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि रुपईडीहा थाना क्षेत्र में सीमान्त डिग्री कॉलेज के निकट सीमा स्तंभ के पास बृहस्पतिवार रात संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी में उनके कब्जे से 1.876 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी की 42वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
उन्होंने कहा कि तस्करों की तलाशी के दौरान एसएसबी के खोजी कुत्तों की भी मदद ली गई।
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों की पहचान सादिक (19) और सद्दाम (19) के रूप में हुई है। दोनों रुपईडीहा थाना क्षेत्र के मुस्लिम बाग मोहल्ले के निवासी हैं।
श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रुपईडीहा थाने में एनडीपीएस अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी तथा इसे कहां पहुंचाया जाना था।
भाषा सं जफर मनीषा धीरज
धीरज

Facebook


