जम्मू कश्मीर में 3192 विद्यालयों में 2022 के बाद 10 या शून्य दाखिले हुए: सरकार

Ads

जम्मू कश्मीर में 3192 विद्यालयों में 2022 के बाद 10 या शून्य दाखिले हुए: सरकार

  •  
  • Publish Date - March 28, 2026 / 08:24 PM IST,
    Updated On - March 28, 2026 / 08:24 PM IST

जम्मू, 28 मार्च (भाषा) जम्मू और कश्मीर सरकार ने शनिवार को कहा कि इस केंद्र शासित प्रदेश में 2022 से अब तक 3,192 विद्यालयों में 10 से कम या शून्य नामांकन (दाखिले) दर्ज किए गए हैं, जबकि वहां 2,518 शिक्षक तैनात हैं।

विधानसभा में भाजपा विधायक रणबीर सिंह पठानिया के एक प्रश्न के लिखित उत्तर में, शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने मंडलवार ऐसे स्कूलों और वहां तैनात शिक्षकों की संख्या साझा की।

आंकड़ों के अनुसार, जम्मू संभाग में 1,934 शिक्षकों वाले 1,494 स्कूलों में 2022 से अब तक 10 से कम या शून्य नामांकन दर्ज किये गये, जबकि कश्मीर संभाग में 584 शिक्षकों वाले ऐसे 1,698 स्कूलों में 10 या उससे कम नामांकन दर्ज किये गये।

वित्तीय प्रभावों पर चर्चा करते हुए, मंत्री ने कम नामांकन वाले स्कूलों के वेतन और संचालन पर होने वाले वार्षिक व्यय का विस्तृत विवरण भी दिया।

उन्होंने कहा, “2019 से केंद्र शासित प्रदेश में 1,700 से अधिक सरकारी (1,732) स्कूल बंद कर दिए गए हैं या उनका (अन्य विद्यालय के साथ) विलय कर दिया गया है, जबकि सरकार ने वेतन पर 13,816 करोड़ रुपये से अधिक का व्यय किया है।”

आंकड़ों के अनुसार, इन 1,732 स्कूलों में से 1,427 जम्मू संभाग में और 305 कश्मीर संभाग में हैं।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश