महाराजगंज में 327 किलो गांजा बरामद, वाराणसी एवं इटावा में भी गांजा जब्त, छह लोग गिरफ्तार

Ads

महाराजगंज में 327 किलो गांजा बरामद, वाराणसी एवं इटावा में भी गांजा जब्त, छह लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 06:57 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 06:57 PM IST

महाराजगंज/वाराणसी/इटावा (उप्र), 26 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के महाराजगंज, वाराणसी और इटावा में गांजा बरामद कर छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उसने बताया कि महाराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा के पास सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने 327.17 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक है।

पुलिस के अनुसार वाराणसी में एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गांजा तथा इटावा जिले में चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उसके पास से गांजा बरामद किया गया।

उसने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों ने तीनों जिलों से छह तस्करों को गिरफ्तार कर 20 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक कीमत का अवैध गाजा बरामद किया।

एसएसबी के सहायक कमांडेंट दिनेश चंद्र बिस्वास ने बताया कि एक सूचना के आधार पर महाराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर टीम ने बिहार के गोपालपुर थानाक्षेत्र के रणजीत गिरी (37) को गिरफ्तार किया तथा उसके ट्रक से गांजे के 21 बंडल बरामद किये।

उन्होंने बताया कि आरोपी नेपाल से गांजा ट्रक से इलाके में आपूर्ति के लिए ला रहा था।

बिस्वास ने कहा कि प्रारंभिक पूछताछ के बाद रणजीत गिरी को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को सौंप दिया गया तथा उस पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

सहायक कमांडेंट ने कहा कि रणजीत गिरी जिस गिरोह का हिस्सा है, उसका एक अन्य सदस्य फरार होने में कामयाब हो गया जिसकी तलाश जारी है।

उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।

उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने एक बयान जारी कर बताया कि उसने अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर एक क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया।

बयान के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मऊ जनपद के मुस्तफाबाद के अजय गिरी के रूप में हुई है जिसे रविवार को फुलवरिया पुल से 200 मीटर आगे वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर वाराणसी कैंट से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस का कहना है कि इटावा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया गया।

इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया है कि शनिवार रात एसओजी/सर्विलांस एवं थाना सिविल लाइन पुलिस ने संयुक्त रूप से तलाशी में एक कार से एक क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया।

उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाहरुख़ (27), सौरभ सिंह (27), ऋषि सिंह (22) और भारत सिंह (36) के रूप में हुई है।

एसएसपी ने बताया कि आरोपियों के ख़िलाफ़ अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं आनन्द राजकुमार

राजकुमार