रक्षा बंधन से पहले दिल्ली में 508 किलोग्राम मिलावटी पनीर नष्ट किया गया
रक्षा बंधन से पहले दिल्ली में 508 किलोग्राम मिलावटी पनीर नष्ट किया गया
नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने रक्षाबंधन से पहले ओखला सब्जी मंडी में 508 किलोग्राम मिलावटी पनीर को नष्ट किया और राष्ट्रीय राजधानी के अलग अलग जिलों से खाने-पीने की चीज़ों के 22 नमूनों को जांच के लिए भेजा है। एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई।
बयान के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा विभाग ने आगामी त्योहारी मौसम और रक्षा बंधन को देखते हुए राजधानी दिल्ली में अपनी कार्रवाई और निरीक्षण तेज कर दिया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि यहां के नागरिकों को सुरक्षित, साफ-सुथरा और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो।
इसमें कहा गया है कि इसी के तहत ओखला सब्जी मंडी में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच के दौरान मिले लगभग 508 किलोग्राम मिलावटी पनीर को नष्ट कर दिया। इस मामले में खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 और कानूनी प्रावधानों के तहत ज़रूरी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बयान में कहा गया है कि पिछले दो दिनों में विभाग ने दिल्ली के अलग-अलग ज़िलों से खाद्य पदार्थों के 22 नमूने भी लिए हैं और इन्हें विस्तृत जांच के लिए निर्धारित प्रयोगशालाओं में भेजा है।
इसके मुताबिक, जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि खाद्य सुरक्षा दिल्ली सरकार की प्राथमिकता है, खासकर त्योहारों के मौसम में जब दूध से बने उत्पादों, पनीर, मिठाइयों के साथ-साथ खाने के तेल और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग काफी ज्यादा बढ़ जाती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे में इन उत्पादों में मिलावट कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा, “हमारी सरकार उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी जो खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करते हैं और नागरिकों की सेहत को खतरे में डालते हैं। हमारी प्रवर्तन टीमें खाने की मिलावटी और घटिया चीजों की बिक्री रोकने के लिए पूरे शहर में सक्रिय रूप से काम कर रही हैं।”
मंत्री ने कहा कि असुरक्षित, मिलावटी या घटिया क्वालिटी के खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों, निर्माताओं, आपूर्तिकर्ताओं और प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश

Facebook


