डोडा में डेंगू के 52 मामले सामने आए, नगर निकायों ने रोकथाम के उपाय तेज किए

डोडा में डेंगू के 52 मामले सामने आए, नगर निकायों ने रोकथाम के उपाय तेज किए

डोडा में डेंगू के 52 मामले सामने आए, नगर निकायों ने रोकथाम के उपाय तेज किए
Modified Date: September 28, 2026 / 04:10 pm IST
Published Date: September 28, 2026 4:10 pm IST

(तस्वीर के साथ)

भद्रवाह/जम्मू, 28 सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में डेंगू के मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है और 52 मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इसके बाद नगर निकाय प्राधिकारियों ने मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के लिए छिड़काव, फॉगिंग और जन जागरूकता अभियान तेज कर दिए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि विशेष अभियान के तहत डोडा और भद्रवाह नगर समितियों की टीम ने पिछले तीन दिनों में कई क्षेत्रों में घर-घर जाकर निरीक्षण किया, ताकि मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर उन्हें नष्ट किया जा सके।

उन्होंने बताया कि डोडा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 52 लोगों को भर्ती कराया गया है।

डोडा और भद्रवाह नगर समितियों के कार्यकारी अधिकारी रवि सैनी ने बताया कि डोडा और भद्रवाह में तीन-तीन टीम को संवेदनशील क्षेत्रों और उन स्थानों पर फॉगिंग तथा मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के लिए तैनात किया गया है, जहां डेंगू के अधिक मामले सामने आए हैं।

सैनी ने कहा, ‘दोनों नगर निकायों में डेंगू रोधी उपाय तेज कर दिए गए हैं और सोमवार सुबह तक आवासीय, धार्मिक तथा व्यावसायिक परिसरों में मच्छरों के प्रजनन के करीब 239 स्थलों की पहचान कर उन्हें नष्ट किया गया है।’ उन्होंने कहा कि डेंगू का प्रकोप नियंत्रण में आने तक यह अभियान जारी रहेगा।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में