दिल्ली : गोकशी के आरोप में युवक गिरफ्तार

दिल्ली : गोकशी के आरोप में युवक गिरफ्तार

दिल्ली : गोकशी के आरोप में युवक गिरफ्तार
Modified Date: September 28, 2026 / 04:05 pm IST
Published Date: September 28, 2026 4:05 pm IST

नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने गोकशी की कथित घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद 23 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के अमरोहा निवासी औरंगजेब उर्फ अजहर को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

उत्तर दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निहारिका भट्ट ने कहा कि गोकशी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद 23 सितंबर को कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने तथा उन्हें पकड़ने के लिए टीम गठित की गई।

भट्ट के मुताबिक, टीम ने 22-23 सितंबर को तड़के 3:15 बजे से सुबह सात बजे के बीच संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाने के लिए कई सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।

पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को आरोपियों की गतिविधियों, सुनसान स्थान पर वाहन की पार्किंग और घटनास्थल तक गोवंश के परिवहन का पता लगाने में मदद मिली।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद अजहर की पहचान मुख्य आरोपी के तौर पर की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने दिल्ली में गोकशी की कई घटनाओं में साथियों के साथ शामिल होने का खुलासा किया।

डीसीपी भट्ट ने कहा कि उसके खुलासे के अनुसार, समूह लावारिस घूम रही गायों की पहचान कर उन्हें वाहन में सुनसान जगहों पर ले जाता, उनका वध कर देता और फिर मांस को इसकी आगे की बिक्री में शामिल लोगों को बेच देता।

उन्होंने कहा कि पुलिस अजहर से मिली जानकारी की पुष्टि कर रही है और उत्तर प्रदेश में अन्य मामलों से आरोपी के संबंधों का पता लगा रही है।

अधिकारी ने कहा कि औरंगजेब पहले दिल्ली में लोक सेवकों के काम में बाधा डालने और उन पर हमला करने, हत्या के प्रयास, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, जानवरों के प्रति क्रूरता और शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामलों में शामिल रहा है।

पुलिस ने कहा कि बाकी के आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

भाषा

नोमान नोमान पारुल

पारुल


लेखक के बारे में