तमिलनाडु:मुख्यमंत्री ने नवजात शिशुओं को एक ग्राम सोने की अंगूठी देने की योजना शुरू की
तमिलनाडु:मुख्यमंत्री ने नवजात शिशुओं को एक ग्राम सोने की अंगूठी देने की योजना शुरू की
मदुरै (तमिलनाडु), 28 सितंबर (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने अपने प्रमुख चुनावी वादे को पूरा करते हुए ‘थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम’ नामक कल्याणकारी योजना की सोमवार को शुरुआत की जिसके तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले शिशुओं को 22 कैरेट सोने की एक ग्राम की अंगूठी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री विजय ने मदुरै के सरकारी अस्पताल राजाजी में इस योजना की शुरुआत करते हुए शिशुओं को कुछ पल के लिए गोद में लिया और उन्हें सोने की अंगूठियां प्रदान कीं।
राज्य सरकार ने इस कल्याणकारी योजना के लिए 755.83 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य को बढ़ावा देना और अधिक से अधिक परिवारों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़कर अस्पतालों में सुरक्षित प्रसव को प्रोत्साहित करना है।
मुख्यमंत्री के विभिन्न कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस ने हवाई अड्डे से लेकर पूरे शहर में पांच-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है जिसके तहत मदुरै शहर और पड़ोसी जिलों से 2,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
राज्य सरकार ने योजना के शुरुआती चरण के लिए 1.28 लाख सोने की अंगूठियां पहले ही खरीद ली हैं। इनका वितरण सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले उन शिशुओं में किया जाएगा जिनकी मां तमिलनाडु की निवासी हैं।
यह योजना 22 जून 2026 या उसके बाद जन्मे पात्र बच्चों पर लागू होगी।
आज की दर के अनुसार 22 कैरेट सोने की कीमत (अभूषण बनाने का शुल्क और जीएसटी छोड़कर) लगभग 14,000 रुपये प्रति ग्राम है।
अस्पताल के सभागार में 25 बच्चों को व्यक्तिगत रूप से सोने की अंगूठियां भेंट करने के बाद मुख्यमंत्री विजय ने प्रसूति वार्ड में जाकर 10 अन्य नवजात शिशुओं को भी अंगूठियां दीं।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री के जी अरुणराज ने कहा कि सरकारी आंकड़ों से स्पष्ट है कि निजी अस्पतालों में प्रसव पर भारी खर्च होता है जिससे कई परिवारों को कर्ज तक लेना पड़ता है, जबकि सरकारी अस्पतालों में प्रसव कराने से परिवारों का न के बराबर खर्च होता है।
उन्होंने बताया कि इस योजना को तेजी से लागू किया गया।
मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर 22 जून को इसकी घोषणा की गई थी और तीन महीने के भीतर 4,40,000 से अधिक अंगूठियों की खरीद की पूरी योजना तैयार कर ली गई। पारदर्शिता और उचित वितरण सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक सोने की अंगूठी पर एक अनूठा नंबर दर्ज है जिसे मां के आरसीएच (प्रजनन और बाल स्वास्थ्य) पहचान संख्या से जोड़ा गया है।
इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे 17वीं शताब्दी के ऐतिहासिक रानी मंगम्माल द्वारा निर्मित तमुक्कम पैलेस में स्थित गांधी मेमोरियल म्यूजियम पहुंचे और 10.25 करोड़ रुपये की लागत से पूरी तरह से पुनर्निर्मित इस संग्रहालय का उद्घाटन किया। 13 एकड़ में फैला यह संग्रहालय आज से आम जनता के लिए खोल दिया गया है।
मुख्यमंत्री का शाम को प्रसिद्ध श्री मीनाक्षी सुंदरेश्वर मंदिर के दर्शन करने का कार्यक्रम है। 17 सितंबर को मंदिर के भव्य महा कुंभाभिषेकम के बाद मदुरै की यह उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है।
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने पूरे शहर में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
भाषा खारी संतोष
संतोष

Facebook


