बंगाल: संविदा आईसीटी शिक्षकों ने नौकरी पक्की करने की मांग को लेकर धरना दिया

बंगाल: संविदा आईसीटी शिक्षकों ने नौकरी पक्की करने की मांग को लेकर धरना दिया

बंगाल: संविदा आईसीटी शिक्षकों ने नौकरी पक्की करने की मांग को लेकर धरना दिया
Modified Date: September 28, 2026 / 03:48 pm IST
Published Date: September 28, 2026 3:48 pm IST

कोलकाता, 28 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में कार्यरत सूचना और संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) विषय के लगभग 1,000 शिक्षकों ने अपनी नौकरियां पक्की (नियमित) करने की मांग को लेकर सोमवार को यहां शिक्षा विभाग के मुख्यालय के पास धरना दिया।

आईसीटी शिक्षकों के एक प्रवक्ता ने बताया कि निजी एजेंसियों के माध्यम से अनुबंध के आधार पर नियुक्त किए गए इन शिक्षकों की नौकरियां 30 सितंबर को समाप्त होने वाली हैं।

आईसीटी ऐक्य मंच (शिक्षकों के संगठन) के प्रवक्ता बाबाई घोष ने कहा, ‘निजी एजेंसियों (जिनके माध्यम से भर्ती हुई थी) ने हमसे नौ अक्टूबर तक सभी जरूरी दस्तावेज संबंधित संगठनों को सौंपने को कहा है। ऐसे में हम अनिश्चितता के दौर से गुजर रहे हैं।’

उन्होंने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व पांच साल के अनुबंध पर विभिन्न निजी एजेंसियों के माध्यम से 3,000 से अधिक कंप्यूटर शिक्षकों को नियुक्त किया गया था।

इनमें से कुछ का कार्यकाल इसी वर्ष समाप्त हो रहा है, जबकि अन्य का अनुबंध 2027 की शुरुआत में पूरा होना है।

घोष ने कहा कि पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार ने भर्ती प्रक्रिया के पहले पांच चरणों के तहत नियुक्त शिक्षकों का कार्यकाल 60 वर्ष की आयु तक बढ़ा दिया था, लेकिन छठवें और सातवें चरण में (वर्ष 2022 के आसपास) निजी एजेंसियों के जरिए नियुक्त शिक्षक लगातार संविदा पर ही रहे।

उन्होंने कहा, ‘हम मांग करते हैं कि सरकार हमारी नौकरियों की रक्षा के लिए हस्तक्षेप करे और हमारी सेवाओं को नियमित करे या कार्यकाल को आगे बढ़ाए।’

भाषा सुमित संतोष

संतोष


लेखक के बारे में