देश में कोविड-19 के 58,077 नए मामले, 657 और लोगों की मौत

देश में कोविड-19 के 58,077 नए मामले, 657 और लोगों की मौत

देश में कोविड-19 के 58,077 नए मामले, 657 और लोगों की मौत
Modified Date: November 29, 2022 / 08:02 pm IST
Published Date: February 11, 2022 11:17 am IST

नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) देश में बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 58,077 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,25,36,137 हो गई। दैनिक मामले पिछले पांच दिनों से एक लाख से कम बने हुए हैं। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 6,97,802 रह गई है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 से 657 और लोगों की मौत के बाद संक्रमण से जान गंवाने वालों की कुल संख्या बढ़कर 5,07,177 हो गई। देश में अभी 6,97,802 कोरोना वायरस संक्रमितों का इलाज चल रहा है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 1.64 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 92,987 की कमी दर्ज की गयी। देश में मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 97.17 प्रतिशत है।

अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण की दैनिक दर 3.89 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 5.76 प्रतिशत दर्ज की गई। देश में अब तक कुल 4,13,31,158 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 171.79 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।

उल्लेखनीय है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।

देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ के पार और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत के 657 मामले सामने आए। इनमें से केरल में 341 और महाराष्ट्र में 45 मामले सामने आए।

आंकड़ों के अनुसार, देश में अब तक संक्रमण से कुल 5,07,177 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,43,292, केरल के 61,134, कर्नाटक के 39,534, तमिलनाडु के 37,862, दिल्ली के 26,035, उत्तर प्रदेश के 23,372 और पश्चिम बंगाल के 20,938 लोग थे।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक जिन लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।

भाषा निहारिका सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में