श्रीनगर, एक अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में शनिवार को भूस्खलन की चपेट में आने से सात वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बच्चे की पहचान रेहान अहमद डार के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि जिले के हंदवाड़ा के मावर इलाके में एक स्कूल के निकट हुए भूस्खलन की चपेट में आए डार को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने बच्चे की मौत पर शोक व्यक्त किया।
उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘आज (शनिवार को) भूस्खलन में मावर स्थित फ्रंटलाइन मॉडल स्कूल के छात्र रेहान अहमद डार की मौत से बहुत दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं।’’
निजी विद्यालयों का संघ (पीएसए) ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया।
भाषा
देवेंद्र जितेंद्र
जितेंद्र