उप्र: प्रसव के दौरान महिला की मौत के मामले में अस्पताल सील

Ads

उप्र: प्रसव के दौरान महिला की मौत के मामले में अस्पताल सील

  •  
  • Publish Date - August 2, 2026 / 12:19 AM IST,
    Updated On - August 2, 2026 / 12:19 AM IST

नोएडा, एक अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के बिलासपुर कस्बे में एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत के मामले में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई जिलाधिकारी को मिली शिकायत और जांच में सामने आई गंभीर अनियमितताओं के आधार पर की गई।

कासना कोतवाली क्षेत्र के कुलीपूरा गांव निवासी जितेंद्र ने आरोप लगाया कि उन्होंने 17 जुलाई को अपनी भाभी पूजा को प्रसव के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।

जितेंद्र के अनुसार, ऑपरेशन के बाद बच्ची का जन्म हुआ लेकिन चिकित्सकीय लापरवाही के कारण पूजा की मौत हो गई।

परिजनों ने पहले दनकौर थाने में शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर मामला जिलाधिकारी के समक्ष उठाया।

जिलाधिकारी ने मामले की जांच मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को सौंपी। शनिवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अरुण वर्मा की निगरानी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया और जांच के दौरान अस्पताल में मरीज भर्ती मिले लेकिन उनकी देखभाल के लिए कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था।

उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रबंधन आवश्यक अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं कर सका।

अधिकारियों के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू और साफ-सफाई व्यवस्था में भी गंभीर खामियां पाई गईं, जिसके बाद अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव, डॉ. टीकम सिंह, डॉ. अजय तथा स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी नवीन राजौरिया मौजूद रहे।

एसडीएम अरुण वर्मा ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और नियमों के उल्लंघन के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

भाषा सं जितेंद्र

जितेंद्र