लुधियाना, एक अगस्त (भाषा) पंजाब के मंत्री हरजोत बैंस ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार ने सफाई कर्मचारियों के लिए बेहतर वेतन और नौकरी की सुरक्षा सहित कई फैसलों को लागू कर दिया है।
उन्होंने कहा कि एक बैठक के बाद सफाई कर्मचारियों की यूनियनों ने जनहित को ध्यान में रखते हुए पूरे पंजाब में कचरा उठाने और सफाई का काम फिर से शुरू करने का फैसला किया है।
मंत्री ने एक बयान में कहा, “मैं सभी यूनियनों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देता हूं। लगातार सफाई सेवाएं जरूरी हैं, खासकर मानसून के मौसम में, जब बीमारियां फैलने का खतरा अधिक होता है।”
बैंस ने राज्य सरकार द्वारा लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए कहा, “तीन साल की सेवा पूरी कर चुके सभी ‘आउटसोर्स’ सफाई कर्मचारियों को पंजाब सरकार की ‘इन-सोर्सिंग’ नीति के अंतर्गत लाया गया है।”
उन्होंने कहा कि एक अगस्त से उन्हें परिवीक्षा अवधि (प्रोबेशन पीरियड) के दौरान नियमित कर्मचारी के बराबर वेतन मिलेगा, जो 20,520 रुपये प्रति माह होगा।
बैंस ने कहा कि इसमें से लगभग 17,000 रुपये उन्हें मिलेंगे, जबकि करीब 3,600 रुपये प्रति माह उनकी बचत और अन्य लाभों के लिए जमा किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इससे कई कर्मचारियों का वेतन पहले मिल रहे वेतन की तुलना में लगभग दोगुना हो जाएगा।
सफाई कर्मचारी अपनी सेवाओं को नियमित करने और वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर आठ जुलाई से हड़ताल पर थे।
भाषा जोहेब जितेंद्र
जितेंद्र