जामताड़ा, 14 मार्च (भाषा) झारखंड के जामताड़ा जिले में एक कुएं में शनिवार को पश्चिम बंगाल के एक व्यक्ति और उसके दो बच्चों के शव मिले। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बागडेहरी थाना क्षेत्र के मुदाबेरिया आश्रम स्थित कुएं से शव बरामद किए गए।
अधिकारी ने बताया कि मृत व्यक्ति की पहचान लक्ष्मण मुर्मू (50) के रूप में हुई, जो पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मुर्गथली गांव के निवासी थे।
अधिकारी ने बताया कि उनकी बेटी की उम्र सात साल और बेटे की उम्र 11 साल थी।
नाला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मेजर कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मूल रूप से बंगाल के रहने वाले इस व्यक्ति ने अपनी पहली पत्नी की मृत्यु के बाद पुनर्विवाह किया था।”
कुमार ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप