अल्मोड़ा, 23 जून (भाषा) उत्तराखंड के अल्मोड़ा के दन्या क्षेत्र के सेली गांव में हरियाणा से आए एक व्यक्ति ने कथित रूप से धारदार हथियार से हमला करके अपने ससुर की हत्या कर दी और पत्नी के साथ फरार हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार को किसी बात पर हुए विवाद के दौरान धर्मवीर ने अपने ससुर चंद्रशेखर पांडेय (52) पर हमला कर किया और कथित तौर पर 10 से अधिक वार किए, जिसके कारण उनके हाथ-पैर की हड्डियां टूट गईं और सिर पर गंभीर चोट आईं।
पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी धर्मवीर और उसकी पत्नी घर में मौजूद पांडेय की पत्नी और बच्चों को एक कमरे में बंद करके फरार हो गए।
रविवार रात ग्रामीणों और परिजन ने किसी तरह से कमरा खोला और पांडेय को गंभीर अवस्था में निकटवर्ती अस्पताल पहुंचाया जहां से उन्हें हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले उनकी मौत हो गयी।
दन्या के थाना प्रभारी दिनेश नाथ महंत ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर यह हत्या सुनियोजित लग रही है और पुलिस आरोपी तथा उसकी पत्नी की तलाश में दबिश दे रही है।
महंत ने बताया कि उनकी गिरफ्तारी के लिए अल्मोड़ा पुलिस ने हरियाणा पुलिस से भी संपर्क किया है।
बताया जा रहा है कि हरियाणा में रहने वाले चंद्रशेखर पांडेय (52) कुछ समय पहले अपने पैतृक गांव सेली लौटकर खेती-बाड़ी कर रहे थे और दो महीने पहले ही उन्होंने अपनी बड़ी बेटी का विवाह धर्मवीर के साथ किया था।
वारदात से एक दिन पहले 20 जून को धर्मवीर पत्नी के साथ सेली गांव पहुंचा था।
भाषा सं दीप्ति जोहेब
जोहेब