वाशिंगटन, 26 अगस्त (भाषा) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने दुनिया भर में सभी अप्रवासी वीजा आवेदनों पर रोक लगा दी है। ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि विदेश मंत्रालय उन आवेदकों के लिए पाबंदियां सख्त करना और उनकी पहुंच सीमित करना चाहता है, जिन पर योग्य अमेरिकियों के लिए निर्धारित अमेरिकी ‘सरकारी लाभों’ पर निर्भर होने की आशंका हो सकती है। ‘फाइनेंशियल टाइम्स’ की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका, वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों को ऐसे आवेदनों का ‘‘व्यापक और एक समान तरीके से’’ आकलन करने का प्रशिक्षण दे रहा है।
अखबार ने अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के हवाले से बताया कि अधिकारियों के प्रशिक्षण का मुख्य जोर ऐसे लोगों की जांच पर है, जो जीवन-यापन के लिए सरकारी सहायता पर निर्भर हो सकते हैं या जिन्हें ‘पब्लिक चार्ज’ की श्रेणी में रखा जा सकता है।
‘पब्लिक चार्ज’ उस व्यक्ति के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला शब्द है, जिसके बारे में अमेरिकी आव्रजन अधिकारी मानते हैं कि वह मुख्य रूप से आर्थिक सहायता के लिए सरकार पर निर्भर हो सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में साक्षात्कार के लिए तारीख पा चुके अप्रवासी वीजा आवेदकों को ईमेल भेजकर बताया गया है कि उनकी वीजा आवेदन के साक्षात्कार की तारीख आगे बढ़ा दी गई हैं और उन्हें बाद में नई तारीख और समय की सूचना दी जाएगी।
विदेश मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि इस कदम से यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि वीजा आवेदक अमेरिका के सार्वजनिक लाभों पर निर्भर न हो जाएं।
विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने ‘फाइनेंशियल टाइम्स’ से कहा, ‘‘अधिक समृद्ध अमेरिका का मतलब यह सुनिश्चित करना है कि वीजा आवेदक अमेरिकी कानून और नियमों के तहत ‘पब्लिक चार्ज’ बनने की आशंका वाला न हो और जरूरतमंद योग्य अमेरिकियों के लिए निर्धारित सार्वजनिक लाभों पर निर्भर होने की संभावना न रखता हो।’’
प्रवक्ता ने कहा कि मंत्रालय ने अगस्त में ‘‘वैश्विक प्रशिक्षण पहल’’ शुरू की है, ताकि ‘‘यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी वाणिज्य दूतावास अधिकारी हर वीजा आवेदक का व्यापक और एक समान तरीके से आकलन करने के लिए पूरी तरह सक्षम हों।’’
यह रोक अमेरिका द्वारा अवैध आव्रजन के खिलाफ कार्रवाई तेज किए जाने और ग्रीन कार्ड जारी करने के नियमों को सख्त किए जाने के बीच लगाई गई है।
यह फैसला ट्रंप प्रशासन द्वारा एच-1बी वीजा के लिए 1,03,265 अमेरिकी डॉलर के नए आवेदन शुल्क का प्रस्ताव दिए जाने के एक दिन बाद आया है।
भाषा शोभना वैभव
वैभव