ह्यूस्टन में भारतीय शास्त्रीय नृत्य कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़

Ads

ह्यूस्टन में भारतीय शास्त्रीय नृत्य कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़

  •  
  • Publish Date - August 26, 2026 / 12:57 PM IST,
    Updated On - August 26, 2026 / 12:57 PM IST

ह्यूस्टन, 25 अगस्त (भाषा) अमेरिका में टेक्सास की 12 से अधिक नृत्य संस्थाओं और कलाकारों ने ‘इनक्रेडिबल इंडिया : कॉल ऑफ द फ्लूट’ नामक शास्त्रीय नृत्य कार्यक्रम में भाग लिया। ह्यूस्टन स्थित प्रसिद्ध मिलर आउटडोर थिएटर में आयोजित इस कार्यक्रम में छह शास्त्रीय नृत्य शैलियों और छह भारतीय भाषाओं के माध्यम से भगवान कृष्ण की दिव्य लीलाओं और कथाओं को प्रस्तुत किया गया।

इस प्रस्तुति के माध्यम से ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ मनाई गई। साथ ही, भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस और अमेरिका के 250वें स्थापना वर्ष के अवसर पर दोनों देशों की साझा लोकतांत्रिक विरासत को भी रेखांकित किया गया।

इस कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन ह्यूस्टन स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास और अमेरिका में भारतीय ललित कलाओं को बढ़ावा देने वाली गैर-सरकारी संस्था संस्कृति ने किया था।

भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में दर्शक कार्यक्रम देखने पहुंचे। इस दौरान भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी, ओडिसी, कथक और मोहिनीअट्टम जैसी भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैलियों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं।

कार्यक्रम में रत्ना कुमार (अंजलि सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स), इंद्राणी पार्थसारथी (अभिनय स्कूल ऑफ डांस), सुप्रदीप्त दत्ता (कलांगन एवं सिलंबम), श्रीलता सूरी (नाट्यांजलि कुचिपुड़ी डांस अकादमी), एकता पोपट (स्टोरीटेलर्स स्कूल ऑफ डांस), सुनंदा नायर (सुनंदा परफॉर्मिंग आर्ट्स सेंटर) और सोमा दासगुप्ता (त्रिप्ति डांस अकादमी) सहित कई कलाकारों और संस्थाओं ने हिस्सा लिया।

ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्य दूत डी. सी. मंजूनाथ ने संस्कृति की संस्थापक रत्ना कुमार, कार्यक्रम में शामिल गुरुओं और सहयोगी संस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन सभी ने विभिन्न भारतीय कलात्मक परंपराओं को एक ही मंच पर लाने का सराहनीय प्रयास किया है।

भाषा गोला वैभव

वैभव