दिल्ली की आजादपुर मंडी के पास रोड रेज की घटना में व्यक्ति को गोली मार दी गई

Ads

दिल्ली की आजादपुर मंडी के पास रोड रेज की घटना में व्यक्ति को गोली मार दी गई

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 10:33 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 10:33 PM IST

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली में दो कारों में सवार लोगों के बीच सड़क पर तू-तू मैं-मैं (रोड रेज) की घटना गोलीबारी में बदल गई, जिससे 24 वर्षीय युवक घायल हो गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यातायात पुलिस के एक कांस्टेबल ने मौके पर ही एक आरोपी को दबोच लिया।

यह घटना 15 और 16 जुलाई की दरमियानी रात को करीब 12.30 बजे हुई। आदर्श नगर थाने को आजादपुर मंडी के प्रवेश द्वार के पास गोलीबारी की सूचना मिली जिसके बाद पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की।

मॉडल टाउन यातायात सर्कल के यातायात कांस्टेबल ऊधम सिंह ने एक संदिग्ध मोहम्मद कैफ को हिरासत में लिया और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया।

प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दो कारों में सवार लोगों के बीच ‘रोड रेज’ की घटना हुई। एक समूह अपनी कार (बलेनो) में यात्रा कर रहा था, जबकि दूसरा अन्य कार (ब्रेजा) में था।

पुलिस ने बताया कि बलेनो में मोहम्मद कैफ, हर्षित गुप्ता, अमन जाटव, कमल और हैदर सवार थे, जो जीटीबी नगर की ओर जा रहे थे। ब्रेजा में जतिन, हर्ष और प्रिंस मान सवार थे, जो सभी प्रह्लादपुर बांगर के निवासी हैं और मॉडल टाउन की ओर जा रहे थे।

दोनों वाहन आजादपुर मंडी प्रवेश द्वार के पास रुके, जहां उनके बीच लापरवाही से गाड़ी चलाने को लेकर बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘हाथापाई के दौरान, मोहम्मद कैफ के कुछ सहयोगी कथित तौर पर दो स्कूटरों पर वहां पहुंचे। उनमें से एक ने कथित तौर पर गोलियां चला दीं। एक गोली हवा में चलाई गई जबकि दूसरी गोली प्रिंस मान के बाएं कूल्हे में लगी।’’

घायल युवक को तुरंत लोक नायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

अपराध स्थल के निरीक्षण के दौरान, पुलिस ने एक कारतूस बरामद किया। पुलिस ने कहा कि गोलीबारी में इस्तेमाल की गई पिस्तौल अभी बरामद नहीं की गई है।

आदर्श नगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।

अधिकारी ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।

उन्होंने बताया कि शेष आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं तथा आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान

नोमान संतोष

संतोष