देहरादून, 16 जुलाई (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए यहां बन्नू स्कूल मैदान में लगाए गए टेंट की लोहे की एक छड़ बृहस्पतिवार को गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत हो गई। कांग्रेस के एक नेता ने यह जानकारी दी।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसा शाम को उस समय हुआ, जब पार्टी कार्यकर्ता अमर मेहता (65) टेंट के नीचे खड़े होकर व्यवस्थाओं की देखरेख कर रहे थे और इसी दौरान टेंट की लोहे की छड़ उनके ऊपर गिर गई।
उन्होंने बताया कि हादसे में मेहता के सिर पर गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बन्नू स्कूल मैदान में शुक्रवार को गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम प्रस्तावित है, जहां वह प्रश्नपत्र लीक सहित अनेक मुद्दों पर छात्रों से संवाद करेंगे।
भाषा दीप्ति सिम्मी
सिम्मी