सपा सांसद डिंपल यादव ने केंद्र सरकार से वांगचुक से वार्ता का आग्रह किया

Ads

सपा सांसद डिंपल यादव ने केंद्र सरकार से वांगचुक से वार्ता का आग्रह किया

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 10:30 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 10:30 PM IST

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिंपल यादव ने बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार से सोनम वांगचुक के साथ बातचीत शुरू करने और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) द्वारा उठाई गई मांगों का समाधान करने का आग्रह किया।

डिंपल यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह वांगचुक द्वारा किए जा रहे अनिश्चितकालीन अनशन और नीट प्रश्नपत्र के कथित लीक से जुड़ी छात्रों की मौत के बावजूद संवेदनहीन बनी हुई है।

सपा सांसद जंतर-मंतर पर कॉजपा के विरोध प्रदर्शन स्थल पर पहुंची और वांगचुक से उनके अनिश्चितकालीन अनशन के 19वें दिन मुलाकात की। उन्होंने कहा कि अनशन खत्म करने का फैसला आयोजकों को लेना है, लेकिन सरकार को उदासीन रवैया छोड़कर प्रदर्शनकारियों के साथ तत्काल बातचीत शुरू करनी चाहिए।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, “कॉजपा यह तय करेगी कि अनशन कब खत्म करना है। मैं सरकार से कहना चाहती हूं कि वह संवेदनशीलता दिखाए और बातचीत शुरू करे। असंवेदनशील होना बंद करें। आप सनातन धर्म की बात करते हैं, लेकिन दया और सहानुभूति के बिना सनातन धर्म जीवित नहीं रह सकता।”

डिंपल यादव ने कहा, “जब इस मंच को युवाओं का इतना बड़ा समर्थन मिला तो भाजपा बौखला गई। अगर हमारे युवा ठान लें तो उन्हें कोई नहीं हरा सकता। अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी युवाओं के साथ एकजुटता से खड़ी है।”

कॉजपा, नीट (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) परीक्षा की कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। संगठन ने मानसून सत्र के पहले दिन 20 जुलाई को संसद मार्च का आह्वान किया है।

भाषा प्रचेता पवनेश

पवनेश