कोल्लम (केरल), 14 मार्च (भाषा) केरल के कोल्लम में जमानत पर छूटे हत्या के एक आरोपी को शनिवार को दिनदहाड़े हथियारबंद एक समूह ने कथित रूप से मार डाला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
करुणागप्पल्ली थाने के एक अधिकारी ने बताया कि हत्या का आरोपी एक कुख्यात गैंगस्टर भी था और थाने से उसके लौटते समय यह वारदात हुई।
टीवी चैनल पर प्रसारित हो रहे घटना के वीडियो में दिख रहा है कि करुणागप्पल्ली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 66 पर हत्या के आरोपी अलुवा अतुल की कार का हमलावर अपने वाहन से पीछा कर रहे हैं और इस बीच उन्होंने उसकी कार को सड़क किनारे एक खाई में धकेल दिया।
इस वीडियो में नजर आ रहा है कि इसके बाद, चार-पांच लोगों ने लाठियों और अन्य धारदार हथियारों से अतुल की कार के शीशे चारों तरफ से फोड़ दिए तथा फिर उसे बाहर खींचकर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वे अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने अतुल को मृत घोषित कर दिया और पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हमले के पीछे कौन है।
भाषा यासिर राजकुमार
राजकुमार