आइजोल में कोविड-19 के प्रसार की जांच करने के लिए एक सप्ताह का लॉकडाउन लागू किया गया

Ads

आइजोल में कोविड-19 के प्रसार की जांच करने के लिए एक सप्ताह का लॉकडाउन लागू किया गया

  •  
  • Publish Date - October 27, 2020 / 11:52 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:27 PM IST

आइजोल 27 अक्टूबर (भाषा) मिजोरम सरकार द्वारा राजधानी आइजोल में कोविड-19 संक्रमण के प्रसार की जांच करने की मुहिम के तहत आइजोल नगर निगम क्षेत्र में मंगलवार को एक सप्ताह का लॉकडाउन लागू कर दिया गया। पिछले कुछ हफ्तों में कई ऐसे लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी जो पहले से संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आए थे लेकिन उनकी पहचान नहीं हो सकी थी।

पिछले 24 घंटों के दौरान मिजोरम में दो शिशुओं सहित कम से कम 34 लोग कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए हैं जिनमें से 30 मरीज आइजोल के हैं। दो नए मामले मामित जिले और एक-एक लांगतलाई और सियाहा के हैं।

सोमवार रात को सरकार द्वारा ‘कोविड-19 मामलों में बढ़ोत्तरी और संपर्क की पहचान नहीं हो पाने’ के संदर्भ में जारी आदेश में कहा गया कि आइजोल नगर निगम क्षेत्र में लक्षण वाले संक्रमित मरीजों की संख्या में वृद्धि सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारियों के लिए चिंता का विषय है। साथ ही यह सामुदायिक संचरण का संकेत है।

आदेश में कहा गया,“वर्तमान स्थिति के मद्देनजर आइजोल नगर निगम क्षेत्र में आवश्यक सेवाओं पर रोक लगाए बिना नए प्रतिबंध लगाने की आवश्यकता है जिससे सामुदायिक संचरण या प्रसार की श्रृंखला टूट सके।”

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक 18 अक्टूबर से लेकर अब तक आइजोल में संक्रमण के 188 नए मामले सामने आ चुके हैं।

सुबह साढ़े चार बजे लागू हुए लॉकडाउन का फैसला सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री आर लालथांलियाना की अध्यक्षता में हुई आपात बैठक में लिया गया। बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारियों, डॉक्टरों और एनजीओ प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

भाषा शुभांशि उमा

उमा