कश्मीरी गेट इलाके में इमारत का एक हिस्सा ढहा, तीन लोगों को सुरक्षित निकाला गया

Ads

कश्मीरी गेट इलाके में इमारत का एक हिस्सा ढहा, तीन लोगों को सुरक्षित निकाला गया

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 11:07 PM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 11:07 PM IST

नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) उत्तरी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में मंगलवार को एक पुरानी और जर्जर इमारत का एक हिस्सा ढह गया, जिससे दूसरी मंजिल पर एक परिवार के तीन सदस्य फंस गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि पुरानी इमारत का एक हिस्सा ढह गया है। भूतल और पहली मंजिल तक जाने वाली सीढ़ियां पूरी तरह से धंस गई थीं, जिससे इमारत तक पहुंचना संभव नहीं था। किसी भी अन्य दुर्घटना को रोकने के लिए कर्मचारियों ने तुरंत आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर दी।

पुलिस ने पाया कि एक परिवार के तीन सदस्य दूसरी मंजिल पर फंसे हुए थे और बाहर आने में असमर्थ थे।

अधिकारी ने बताया कि फंसे हुए लोगों तक पहुंचने के लिए कोई उपयोगी सीढ़ी नहीं होने के कारण, चार हेड कांस्टेबल बगल की इमारत में घुस गए।

वहां से हेड कांस्टेबल अंकुर और कांस्टेबल प्रवीण कुमार क्षतिग्रस्त इमारत की छत तक पहुंचने में कामयाब रहे। लकड़ी की सीढ़ियों और तख्तों की मदद से वे सावधानीपूर्वक फंसे हुए परिवार के सदस्यों तक पहुंचे और तीनों को सफलतापूर्वक बचा लिया।

बचाए गए लोगों की पहचान 78 वर्षीय लक्ष्मी देवी, उनकी 50 वर्षीय बेटी सविता और 43 वर्षीय हेमंत कुमार के रूप में हुई है।

भाषा नोमान नोमान सुभाष

सुभाष