सांबा में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध गड्ढे का पता चलने के बाद तलाश अभियान चलाया गया

Ads

सांबा में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध गड्ढे का पता चलने के बाद तलाश अभियान चलाया गया

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 07:19 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 07:19 PM IST

जम्मू, 15 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट एक खेत में संदिग्ध गड्ढे का पता चलने के बाद बुधवार को सुरक्षा बलों ने व्यापक तलाश अभियान चलाया। अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती आशंका थी कि यह सीमा पार से घुसपैठ के लिए बनाई गई सुरंग हो सकती है।

अधिकारियों ने बताया कि विस्तृत जांच के बाद सुरंग होने की आशंका को खारिज कर दिया गया।

सूचना मिलने पर सेना, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पुलिस की संयुक्त टीम घगवाल क्षेत्र के जरैन गांव पहुंची। टीम ने संदिग्ध गड्ढे की जांच के लिए व्यापक तलाश अभियान चलाया और खुदाई भी की।

अधिकारियों के अनुसार, पूरे इलाके की तत्काल घेराबंदी कर तकनीकी विशेषज्ञों ने संदिग्ध स्थान का गहन निरीक्षण किया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इसका संबंध आतंकवादियों की घुसपैठ के लिए इस्तेमाल की जाने वाली किसी सीमा पार सुरंग से तो नहीं है।

जांच में यह केवल एक साधारण गड्ढा निकला। किसी सुरंग या सीमा पार घुसपैठ के मार्ग का कोई साक्ष्य नहीं मिला।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बल सीमा पर लगातार सतर्कता बनाए हुए हैं, क्योंकि अतीत में पाकिस्तान स्थित तत्वों द्वारा इस क्षेत्र में सुरंग खोदने के कई प्रयास किए जा चुके हैं।

इस महीने की शुरुआत में बीएसएफ ने सुरंग का पता लगाने के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बड़े पैमाने पर अभियान चलाया था, ताकि किसी भी संभावित घुसपैठ की कोशिश का समय रहते पता लगाकर उसे विफल किया जा सके।

अधिकारियों के अनुसार, 2011 से 2021 के बीच बीएसएफ ने जम्मू, सांबा और कठुआ जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अलग-अलग मौकों पर करीब 12 सीमा पार सुरंगों का पता लगाया था।

भाषा

राखी खारी

खारी