गया जी, 17 जुलाई (भाषा) बिहार के गया जी जिले में बोरवेल में गिर गए तीन वर्षीय बच्चे को सात घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद सकुशल बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, तीन वर्षीय पीयूष कुमार बृहस्पतिवार देर शाम गया जी जिले के रघुनगर गांव में एक खुले बोरवेल में गिर गया था।
आपदा प्रबंधन विभाग के अपर जिला दंडाधिकारी कुमार पंकज ने संवाददाताओं से कहा, “घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया। हमें खुशी है कि टीमों ने कम से कम समय में बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।”
उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पूरे बचाव अभियान के दौरान मौजूद रही।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “चिकित्सकीय जांच के बाद बच्चे को सुरक्षित उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।”
वजीरगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुनील कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह लापरवाही का मामला प्रतीत होता है, इसलिए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
उन्होंने कहा, “विधिवत जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के अलावा प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी। यह गंभीर लापरवाही है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
एसडीपीओ ने बचाव अभियान में स्थानीय लोगों के सहयोग और प्रयासों की भी सराहना की।
भाषा कैलाश
वैभव
वैभव