’ईडी की छापेमारी के बीच मोहाली में जीएमएडीए कार्यालय के बाहर आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन

Ads

’ईडी की छापेमारी के बीच मोहाली में जीएमएडीए कार्यालय के बाहर आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 06:14 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 06:14 PM IST

मोहाली, 24 सितंबर (भाषा) धनशोधन जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से की जा रही छापेमारी की कार्रवाई के बीच आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को यहां जीएमएडीए कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

कुछ प्रदर्शनकारियों ने ईडी अधिकारियों से जुड़ी एक कार के शीशे तोड़ दिए और टायर पंचर कर दिये।

प्रदर्शन कर रहे ‘आप’ कार्यकर्ता पुलिस बैरिकेड तोड़कर ग्रेटर मोहाली क्षेत्र विकास प्राधिकरण (जीएमएडीए) परिसर में प्रवेश कर गये, जबकि वहां पंजाब पुलिस के जवान तैनात थे।

पंजाब में सत्तारूढ़ ‘आप’ ने ईडी की कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया। पार्टी ने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है।

‘आप’ की पंजाब इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष अमनशेर सिंह शेरी कलसी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने भाजपा नीत केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय के खिलाफ नारे लगाए। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जांच एजेंसी की यह कार्रवाई मंगलवार को शुरू हुई थी और बृहस्पतिवार को भी जारी रही।

ईडी ने मंगलवार को धनशोधन जांच के तहत मोहाली स्थित पंजाब के जीएमएडीए कार्यालयों, आवासन एवं शहरी विकास विभाग के प्रधान सचिव विकास गर्ग तथा दिल्ली स्थित एक रियल एस्टेट कंपनी के परिसरों पर सर्वे और तलाशी अभियान चलाया था।

सूत्रों के अनुसार, ईडी के अधिकारियों ने चंडीगढ़ स्थित एक आवास पर भी छापेमारी की, जहां दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन अक्सर रहते हैं। जब ईडी की टीम यहां सेक्टर-39 स्थित आवास पर पहुंची, तब जैन वहां मौजूद नहीं थे और अधिकारियों ने आवास में प्रवेश के लिए ताले तोड़ दिए।

एजेंसी ने बुधवार को लुधियाना के साहनेवाल में पंजाब के मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के भतीजे के आवास पर भी छापेमारी की।

ईडी की कार्रवाई के बाद आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर पंजाब के लोगों और ‘आप’ नेताओं को डराने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और दावा किया कि पार्टी ने राज्य में ‘‘राजनीतिक जमीन खो दी है।’’

‘आप’ ने कहा कि केंद्र सरकार जीएमएडीए के कामकाज में बाधा डालने और भगवंत मान सरकार की कल्याणकारी योजनाओं में अड़चन पैदा करने की कोशिश कर रही है।

‘आप’ ने कहा, ‘‘भाजपा राजनीतिक तरीके से कल्याणकारी योजनाओं को रोकने में असमर्थ है, इसलिए अब प्रशासनिक दबाव और बाधाएं पैदा करने की कोशिश की जा रही है। पंजाब के लोग इन हथकंडों को सफल नहीं होने देंगे।’’

पार्टी ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियां पंजाब में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के लिए राजनीतिक समर्थन तैयार नहीं कर सकतीं।

भाषा शफीक देवेंद्र

देवेंद्र