नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शनकारियों पर उसकी कार्रवाई अंग्रेजों की बर्बरता से भी बदतर थी।
केजरीवाल ने घोषणा की कि पार्टी ने घायल प्रदर्शनकारियों को चिकित्सा सहायता और हिरासत में लिए गए छात्रों के परिजनों को कानूनी सहायता प्रदान करने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।
केजरीवाल ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘युवा प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की बर्बरता हमने देखी। यहां तक कि अंग्रेजों ने भी स्वतंत्रता सेनानियों पर उस तरह का अत्याचार नहीं ढाया जैसा नरेन्द्र मोदी सरकार ने हमारे अपने बच्चों पर किया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि पुलिस बिना किसी उकसावे के लड़कियों और छात्रों को लगातार पीटती रही और उन पर लाठीचार्ज करती रही।’’
उन्होंने इन दृश्यों की तुलना 1919 में जलियांवाला बाग में जनरल डायर द्वारा की गई बर्बरता से की।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘मैं प्रदर्शनकारियों के माता-पिता और परिजनों से कहना चाहता हूं कि आपको डरने की जरूरत नहीं है, हम आपके साथ हैं। हेल्पलाइन नंबर पर संदेश भेजें। हम आपसे संपर्क करेंगे, और कानूनी सहायता तथा चिकित्सा सहायता प्रदान करेंगे।’’
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुद इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा नहीं ले सके, लेकिन उनके दोनों बच्चे प्रदर्शनकारियों के साथ मार्च में शामिल हुए थे।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मोदी जी, आप देश के सबसे बड़े राष्ट्रविरोधी हैं। आप हमारे छात्रों को ‘राष्ट्रविरोधी’ कह रहे हैं लेकिन आप पेपर लीक रोकने में नाकाम रहे हैं।’’
केजरीवाल ने कहा कि वह दिन के दौरान राम मनोहर लोहिया अस्पताल और संसद मार्ग थाने में जाएंगे।
भाषा खारी शफीक
शफीक