दुबई, 21 जुलाई (भाषा) संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने भारी बारिश के कारण भारत में आई बाढ़ और भूस्खलन से हुई जनहानि और नुकसान को लेकर भारत के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति मंगलवार को संवेदना प्रकट की।
यूएई का यह संदेश ऐसे समय आया है जब देश के कई हिस्से लगातार हो रही मानसूनी बारिश से प्रभावित हैं।
यूएई के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘यूएई ने भारी वर्षा के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन के पीड़ितों के प्रति भारत गणराज्य के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त की है। इन घटनाओं में कई लोगों की मौत और घायल होने के साथ-साथ व्यापक नुकसान हुआ है।’’
मंत्रालय ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
यूएई स्थित भारतीय दूतावास ने इस सद्भावपूर्ण कदम के लिए अमीरात सरकार का आभार व्यक्त किया।
दूतावास ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘हम मित्रता और समर्थन की इस अभिव्यक्ति का हार्दिक सम्मान करते हैं।’’
भारत में हर वर्ष मानसून के दौरान बाढ़, भूस्खलन और बारिश से जुड़ी अन्य घटनाएं आम हैं। इनसे कई राज्यों में जान-माल का नुकसान, लोगों का विस्थापन और बुनियादी ढांचे को क्षति पहुंचती है।
जम्मू-कश्मीर में रविवार से बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में कम से कम 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सात अन्य अब भी लापता हैं। वहीं, असम में बाढ़ से करीब 3.63 लाख लोग प्रभावित हुए हैं और सोमवार को पांच और लोगों की मौत की सूचना मिली।
भाषा मनीषा माधव
माधव