जम्मू, तीन मई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक मेहराज मलिक ने रविवार को डोडा स्टेडियम में हजारों लोगों की सभा को संबोधित किया और प्रशासन के कुछ वर्गों में व्याप्त भ्रष्टाचार की आलोचना करते हुए बदले की राजनीति की निंदा की।
उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति टकराव नहीं, बल्कि जनकल्याण पर केंद्रित है।
डोडा से विधायक मलिक ने अपनी पार्टी के बढ़ते समर्थन को राजनीतिक बदलाव की शुरुआत बताया और कहा कि बड़े परिवर्तन अक्सर छोटे आंदोलनों से शुरू होते हैं।
उन्होंने कहा कि लोगों को दबाने या अपमानित करने की किसी भी कोशिश का विरोध किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक सभा नहीं, यह एक आंदोलन, एक क्रांति है।”
जम्मू से डोडा पहुंचने के दौरान बटोटे से लेकर डोडा तक कई स्थानों पर लोगों ने उनका फूलों से स्वागत किया। मलिक को जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय द्वारा जन सुरक्षा अधिनियम के तहत नजरबंदी रद्द किए जाने के बाद मंगलवार को कठुआ जेल से रिहा किया गया था।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त शासन, अच्छी सड़कें, बेहतर स्कूल, 24 घंटे सुविधाओं वाले हॉस्टल और जवाबदेह प्रशासन समय की जरूरत है।
उन्होंने कहा, “अगर कोई कर्मचारी या अधिकारी भ्रष्ट है, तो उसका सम्मान करना बंद करें। सभी लोग ईमानदारी से अपना काम करें।”
मलिक ने कहा, “अतीत में जो हुआ, उसे माफ किया जा सकता है, लेकिन भविष्य में अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
मलिक ने विकास परियोजनाओं, खासकर सड़क निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और कहा कि ठेकों में हेरफेर कर लागत बढ़ाकर दिखाई जाती है।
अपनी आठ महीने की कैद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें राजनीतिक रूप से कमजोर करने की कोशिश की गई, लेकिन इससे उनका संकल्प और मजबूत हुआ।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप