नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि पार्टी ई20 (एथनॉल मिश्रित ईंधन) के मुद्दे पर सभी हितधारकों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से एक अगस्त को राष्ट्रीय राजधानी में संवाद कार्यक्रम आयोजित करेगी।
केजरीवाल ने यहां संवाददाता सम्मेलन में, लोगों से ‘कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया’ में आयोजित होने वाले ‘नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट ई20’ में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा, ‘‘हम लोगों को इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। हम इस बात पर चर्चा करेंगे कि ई20 पेट्रोल को वापस लेने के लिए केंद्र सरकार पर कैसे दबाव बनाया जाए। इसमें विशेषज्ञ और वे लोग भी आमंत्रित हैं, जिन्हें अपनी गाड़ियों को लेकर समस्याओं का सामना करना पड़ा है।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आप’ ने पहले ‘ई20 ईंधन’ को वैकल्पिक बनाने के लिए एक ऑनलाइन याचिका शुरू की थी, जिस पर लगभग दो लाख लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘अगले हफ्ते, मैं इस ऑनलाइन याचिका के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास पर जाऊंगा। लेकिन यह इस बैठक के बाद होगा।’’
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में डिजिटल माध्यम से शामिल होने के इच्छुक लोग पार्टी के अधिकृत मोबाइल नंबर पर संदेश भेज सकते हैं और उन्हें इसमें शामिल होने के लिए एक ‘ऑनलाइन लिंक’ भेजा जाएगा।
इस महीने की शुरुआत में केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर ई20 ईंधन से जुड़ी चिंताओं पर चर्चा करने के लिए मुलाकात का समय मांगा था और एथनॉल-मिश्रित पेट्रोल की कीमतें घटाने की मांग की थी।
भाषा सुरभि सुभाष
सुभाष