कोलकाता, 17 अगस्त (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने एक निजी बैंक द्वारा उनके बैंक खाते पर कथित तौर पर रोक लगाए जाने को चुनौती देते हुए सोमवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख किया।
याचिका में बनर्जी ने तत्काल सुनवाई का अनुरोध करते हुए कहा है कि चिकित्सकीय कारणों से वह जल्द ही विदेश यात्रा करने वाले हैं और इसके लिए उन्हें उच्चतम न्यायालय से अनुमति मिल चुकी है।
न्यायमूर्ति कृष्ण राव ने कहा कि वह इस मामले की सुनवाई बुधवार को करेंगे। साथ ही, उन्होंने अभिषेक बनर्जी के वकील को तब तक संबंधित पक्षों को नोटिस देने का निर्देश दिया।
बनर्जी के वकील अयान भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि निजी बैंक ने उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना उनके व्यक्तिगत बैंक खाते पर रोक लगा दी।
भट्टाचार्य ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस सांसद चिकित्सकीय कारणों से विदेश यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, जिसकी अनुमति उच्चतम न्यायालय ने दे दी है।
डायमंड हार्बर से सांसद बनर्जी ने बैंक प्राधिकार द्वारा उनके बैंक खाते पर रोक लगाए जाने की कार्रवाई को चुनौती देने वाली याचिका पर तत्काल सुनवाई का अनुरोध करते हुए अदालत का रुख किया।
न्यायमूर्ति राव के इस सवाल पर कि क्या बनर्जी के खिलाफ कोई जांच चल रही है, उनके वकील ने बताया कि उच्च न्यायालय ने उनके खिलाफ चल रही जांच में किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई से उन्हें संरक्षण दे रखा है और वह अदालत द्वारा लगाई गई शर्तों का पालन कर रहे हैं।
उच्चतम न्यायालय ने पिछले सप्ताह बनर्जी को चिकित्सकीय उपचार के लिए तीन सप्ताह के वास्ते विदेश यात्रा करने की अनुमति दी थी।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप