केरल में एक भी रिक्ति नहीं निकालने की समीक्षा करे एसबीआई्: ब्रिटास

Ads

केरल में एक भी रिक्ति नहीं निकालने की समीक्षा करे एसबीआई्: ब्रिटास

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 04:15 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 04:15 PM IST

नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्यसभा सदस्य जॉन ब्रिटास ने सोमवार को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के चेयरमैन चल्ला श्रीनिवासुलु सेट्टी से 2026 में ‘जूनियर एसोसिएट’ (ग्राहक सहायता एवं विक्रय) की भर्ती में केरल के लिए कोई रिक्ति अधिसूचित नहीं किये जाने के फैसले की तत्काल समीक्षा करने की अपील की।

ब्रिटास ने सोमवार को एसबीआई चेयरमैन को लिखे पत्र में बैंक की 11 अगस्त, 2026 की अधिसूचना का हवाला दिया, जिसमें देशभर में ‘जूनियर एसोसिएट’ के 7,680 नियमित पदों की घोषणा की गई है, लेकिन केरल के लिए एक भी पद नहीं है।

उन्होंने पत्र में लिखा, ‘‘ गौर करने वाली बात है कि पिछली भर्ती में केरल के लिए 247 और 2024 के भर्ती चक्र में 426 रिक्तियां अधिसूचित की गई थीं। दो भर्ती चक्रों के दौरान 426 से घटकर 247 और फिर शून्य हो जाना कोई सामान्य उतार-चढ़ाव नहीं है।’’

ब्रिटास ने आरोप लगाया कि केरल में रिक्तियों में यह कमी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि एसबीआई में देशभर में नियमित रिक्तियों की संख्या पिछली भर्ती के 5,180 से बढ़कर इस वर्ष 7,680 हो गई है।

उनका कहना है कि इसके साथ ही आईबीपीएस (बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान) की ‘कस्टमर सर्विस एसोसिएट’ भर्ती में देशभर में 11,403 रिक्तियां अधिसूचित की गई हैं, लेकिन केरल में भाग लेने वाले सार्वजनिक क्षेत्र के 11 बैंकों के लिए केवल 108 पद हैं।

माकपा नेता ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में लिपिक स्तर की भर्ती के ‘‘दो प्रमुख माध्यमों’’ के तहत केरल के उम्मीदवारों के लिए उपलब्ध भर्ती अवसरों में यह ‘‘बड़ी कमी’’ है।

उन्होंने कहा कि इससे यह जायज चिंता पैदा होती है कि क्या राज्य के युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों में असमान रूप से कमी की गई है।

आवेदन की अंतिम तारीख 31 अगस्त, 2026 होने का उल्लेख करते हुए ब्रिटास ने एसबीआई चेयरमैन से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है।

भाषा हक राजकुमार

राजकुमार