नाबालिग लड़की के अपहरण और बलात्कार का आरोपी को 17 साल बाद गिरफ्तार किया गया

नाबालिग लड़की के अपहरण और बलात्कार का आरोपी को 17 साल बाद गिरफ्तार किया गया

नाबालिग लड़की के अपहरण और बलात्कार का आरोपी को 17 साल बाद गिरफ्तार किया गया
Modified Date: June 18, 2026 / 07:32 pm IST
Published Date: June 18, 2026 7:32 pm IST

नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) दिल्ली में नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में 17 साल से वांछित आरोपी को उत्तर प्रदेश के बिजनौर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान इरशाद अहमद उर्फ सोनू के तौर पर हुई है। वह भगोड़ा अपराधी था जिस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था। वह 2009 से गिरफ्तारी से बचता रहा और कुवैत भाग गया, जहां वह कई सालों तक रहा। यहां वह दर्जी का काम कर रहा था।

अधिकारी ने बताया, ‘यह मामला नौ अप्रैल, 2009 को दिल्ली के बिंदापुर थाने में दर्ज किया गया था। बुटीक चलाने वाली शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके बुटीक में दर्जी का काम करने वाले अहमद ने उसकी 17 साल की बेटी का शादी का झांसा देकर अपहरण कर लिया और उसका यौन शोषण किया।’

अधिकारी ने कहा कि वारदात के तुरंत बाद आरोपी फरार हो गया और पुलिस की बार-बार कोशिशों के बावजूद गिरफ्तारी से बचता रहा। बाद में पता चला कि फरार रहने के दौरान ही उसने किसी दूसरी महिला से शादी कर ली थी।

दिल्ली की एक अदालत ने 25 मई 2011 को अहमद को भगोड़ा घोषित कर दिया।

अधिकारी ने बताया, ‘अपराध शाखा को अहमद का पता लगाने और उसे पकड़ने का काम सौंपा गया था। एक टीम ने पुराने रिकॉर्ड की दोबारा जांच की और नए सुराग जुटाए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि फरार रहने के दौरान अहमद ने चंडीगढ़ से पासपोर्ट बनवाया था और 2011 में कुवैत चला गया था।’

पुलिस ने पाया कि वह कभी-कभार ही भारत आता था जिससे उसे पकड़ना काफी मुश्किल हो गया था।

अधिकारी ने कहा, ‘हाल ही में टीम को पुख्ता जानकारी मिली कि आरोपी तीन जून को एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव आया था और उसके महीने के आखिर तक कुवैत लौटने की संभावना है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाया और 16 जून को उसे पकड़ लिया।”

भाषा नोमान

नोमान पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में