नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) अभिनेता धनुष की फिल्म ‘ओम’ 16 अक्टूबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
निर्देशक राजकुमार पेरिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक ‘हाई-ऑक्टेन एक्शन-ड्रामा’ है। फिल्म निर्माताओं ने बृहस्पतिवार को इंस्टाग्राम पर फिल्म का टीजर और रिलीज की तारीख साझा की। इस पोस्ट को अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से फिर से साझा किया।
पोस्ट के कैप्शन में लिखा था, “उनका आगमन आग की तरह है। प्रस्तुत है पहला वार ‘डी55’ … अब ओम है।”
वीडियो में डरे हुए ग्रामीणों का एक समूह दिखाया गया है और धनुष को एक उग्र रक्षक के रूप में पेश किया गया है, जो जंगल में हथियारबंद लोगों से लड़कर ग्रामीणों की रक्षा करते हैं।
फिल्म में ममूटी, साई पल्लवी और श्रीलीला भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसका संगीत साई अभ्यंकर ने तैयार किया है। यह फिल्म वंडरबार फिल्म्स और आरटेक स्टूडियोज के बैनर तले निर्मित की गयी है।
धनुष की हालिया फिल्म ‘कारा’ अप्रैल में रिलीज हुई थी।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा