भोइर्यम्बोंग (मेघालय), 19 जून (भाषा) केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र अपनी सतत कृषि एवं जैविक उत्पादों की ताकत का उपयोग करके भारत का अगला विकास इंजन बनने की क्षमता रखता है।
उन्होंने कहा कि मेघालय राज्य वैश्विक बाजारों में अपने भरोसे के कारण इस क्षेत्र का नेतृत्व करने की विशेष स्थिति में है।
ईस्टर्न री-भोई ऑर्गेनिक फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा पूर्वोत्तर भारत में स्थापित सबसे बड़े जैविक मसाला प्रसंस्करण संयंत्र का यहां उद्घाटन करते हुए निर्मला सीतारमण ने कहा, ‘‘ कृषि का भविष्य अब केवल अधिक उत्पादन करने वालों तक सीमित नहीं है, बल्कि बेहतर, स्वच्छ, भरोसेमंद और प्रीमियम गुणवत्ता वाले उत्पाद देने वालों के हाथों में है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ जब मेघालय के किसान आगे बढ़ेंगे, तो पूरा पूर्वोत्तर आगे बढ़ेगा। जब पूर्वोत्तर आगे बढ़ेगा, तो भारत की विकास यात्रा को एक नया इंजन मिलेगा।’’
वित्त मंत्री ने मेघालय सरकार, महिला समूहों और उद्यमियों को राज्य में जैविक कृषि आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए बधाई दी।
उन्होंने मेघालय की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता पर जोर देते हुए कहा कि राज्य को बड़े कृषि राज्यों के साथ मात्रा के आधार पर प्रतिस्पर्धा करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि भविष्य ‘‘भरोसेमंद गुणवत्ता एवं भरोसेमंद उत्पादकों’’ का है।
भाषा निहारिका
निहारिका