बांग्ला फिल्मों के अभिनेता-अभिनेत्रियों ने मतदान किया

Ads

बांग्ला फिल्मों के अभिनेता-अभिनेत्रियों ने मतदान किया

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 07:41 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 07:41 PM IST

कोलकाता, 29 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में बुधवार को बांग्ला फिल्म उद्योग के अदाकारों ने अपने व्यस्त शूटिंग कार्यक्रम में से समय निकालकर मतदान किया।

अभिनेता प्रसनजीत चटर्जी ने अपने बेटे त्रिशंजीत के साथ बालीगंज क्षेत्र में अपना वोट डाला और अपने बेटे के पहली बार मताधिकार का प्रयोग करने पर खुशी व्यक्त की।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे बहुत खुशी है कि मेरा बेटा पहली बार अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग कर रहा है। आज उसके लिए एक महत्वपूर्ण दिन है।’’

दिग्गज अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती ने अपने पैतृक क्षेत्र बेलगछिया के एक बूथ पर वोट डाला।

अभिनेता देबदूत घोष ने बताया कि उन्होंने दमदम में सुबह-सुबह मतदान किया। उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव में माकपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था और जीत नहीं पाए थे।

अभिनेत्री मनाली डे ने दक्षिण कोलकाता के कस्बा में मतदान किया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सुबह जल्दी आकर अपने पिता के साथ मतदान किया, जिससे मुझे अपने पहले मतदान के दिनों की याद आ गई।’’

बांग्ला फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस सांसद देव ने दक्षिण कोलकाता स्थित अपनी सोसाइटी के परिसर में बने मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। वह अन्य मतदाताओं के साथ कुछ देर तक कतार में खड़े दिखे।

केंद्रीय बल के जवानों द्वारा कतार छोड़कर मतदान करने के अनुरोध पर देव ने विनम्रतापूर्वक मना कर दिया और कहा, ‘‘मुझे कोई जल्दी नहीं है।’’

अभिनेत्री गार्गी रॉय चौधरी ने सॉल्ट लेक क्षेत्र के सेक्टर पांच स्थित अपने मतदान केंद्र पर वोट डाला।

भाषा वैभव संतोष

संतोष