आदमपुर उपचुनाव: भजनलाल परिवार के लिए एक परीक्षा

Ads

आदमपुर उपचुनाव: भजनलाल परिवार के लिए एक परीक्षा

  •  
  • Publish Date - November 2, 2022 / 04:02 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:44 PM IST

चंडीगढ़, दो नवंबर (भाषा) हरियाणा के आदमपुर विधानसभा क्षेत्र में बृहस्पतिवार को हो रहा उपचुनाव यह तय करेगा कि पांच दशक से भजनलाल परिवार का गढ़ रहे इस क्षेत्र में अब भी उसका दबदबा कायम है अथवा नहीं।

इस निर्वाचन क्षेत्र में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा और इसमें करीब 1.71 लाख पात्र मतदाता हैं। मतों की गिनती छह नवंबर को होगी।

इस उपचुनाव में 22 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं और वे सभी पुरूष हैं। जिन मुख्य दलों ने अपना उम्मीदवार उतारा है, वे भाजपा, कांग्रेस , इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) और आम आदमी पार्टी (आप) हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के छोटे बेटे कुलदीप बिश्नोई ने कहा है कि आदमपुर उनके परिवार का गढ़ रहा है तथा लोगों ने दशकों तक उनके परिवार को अपना प्यार एवं आशीर्वाद दिया है और एक बार फिर वे उनका साथ देंगे।

उन्होंने पहले कहा था, ‘‘ 26 साल के अंतराल के बाद भजन लाल परिवार सरकार में रहते हुए यह चुनाव लड़ रहा है। और लोगों को पता है कि भाजपा उम्मीदवार के जीतने पर विकास कार्यों की गति और तेज होगी।’’

आदमपुर सीट 1968 से भजनलाल परिवार के पास रही है और दिवंगत मुख्यमंत्री ने नौ बार, उनकी पत्नी जस्मा देवी ने एक बार एवं कुलदीप ने चार बार इसका प्रतिनिधित्व किया है।

हालांकि कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि आदमपुर उनकी पार्टी का गढ़ रहा हैं क्योंकि दिवंगत भजन लाल कांग्रेस से मुख्यमंत्री थे।

कुलदीप के विधानसभा से इस्तीफा देने के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। कुलदीप विधानसभा एवं कांग्रेस से इस्तीफा देकर अगस्त में भाजपा में शामिल हो गये थे।

बिश्नोई के बेटे भव्य भाजपा प्रत्याशी के तौर पर यह उपचुनाव लड़ रहे हैं। वह भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गये थे।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश