कारवार (कर्नाटक), 17 सितंबर (भाषा) गणेश मूर्ति विसर्जन यात्रा के दौरान एक मस्जिद पर कथित तौर पर पथराव किए जाने के बाद पुलिस ने भटकल में अतिरिक्त बल तैनात किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार रात गुलमी इलाके में रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर हुई।
सूत्रों के अनुसार, यह यात्रा रात करीब 10 बजे तलांड से शुरू हुई थी और विसर्जन के लिए एक नहर की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने कथित तौर पर रास्ते में स्थित ‘मस्जिद-ए-इस्माइल’ पर पथराव किया।
सूत्रों ने बताया कि इस घटना में मस्जिद की कई खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल इलाके में अतिरिक्त बल भेजा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। उसने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है जबकि कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग भटकल टाउन थाने के बाहर जमा हो गए और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उत्तर कन्नड़ के पुलिस अधीक्षक दीपन एम एन कारवार से भटकल पहुंचे और स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एहतियात के तौर पर घटना स्थल और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, स्थिति अब सामान्य हो गई है।
भाषा प्रचेता शफीक
शफीक