चंडीगढ़, 21 मई (भाषा) पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि राज्य के विभिन्न शहरी स्थानीय निकायों, नगर परिषदों, नगर समितियों और नगर पंचायतों के सफाई कर्मचारियों ने सरकार के साथ सफल वार्ता के बाद हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया है।
सफाई कर्मचारियों के यूनियन प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद चीमा ने बताया, “कर्मचारियों की 35 सदस्यीय समिति में से एक पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस, वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों और मेरे साथ उनकी मांगों पर विस्तृत चर्चा की।”
उन्होंने आगे कहा, “चर्चा के दौरान कई मांगों का समाधान किया गया, जबकि कुछ मुद्दे कानूनी और चुनावी आचार संहिता से जुड़े होने के कारण आगे की प्रक्रिया के तहत विचाराधीन हैं।”
सरकार और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच सभी लंबित मांगों की जांच के लिए एक समिति बनाने पर सहमति बनी है, ताकि उनका स्थायी और व्यावहारिक समाधान निकाला जा सके।
उन्होंने बताया कि सरकार ने बाकी मुद्दों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर एक महीने के भीतर समाधान का समय तय किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले दो से तीन दिनों की विस्तृत चर्चाओं के बाद सभी यूनियनों ने सरकार को अपने मुद्दों पर गंभीर और व्यवस्थित तरीके से विचार करने के लिए समय देने पर सहमति जताई है।
भाषा रंजन संतोष
संतोष